मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने से स्थानीय जनता परेशान, निगम प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

Spread the love

स्थानीय लोगों का आरोप निर्माणकर्ता की “नगर निगम और प्रशासन में पहचान होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो रही ।”

अजमेर | रिजनल कॉलेज के सामने स्थित सुंदर नगर, कोटड़ा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों द्वारा “खबर वन न्यूज” के व्हाट्सएप पर दी गई जानकारी के अनुसार तार विभाग कार्यालय के सामने नाग जी के मकान में चल रहे निर्माण सामग्री सार्वजनिक सड़क पर बड़ी मात्रा में ईंट, बजरी, गिट्टी, ब्लॉक, सीमेंट मिश्रण और अन्य सामग्री फैला दी गई है, जिससे आमजन की आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित निर्माणकर्ता द्वारा कॉलोनी की मुख्य सड़क के बड़े हिस्से को अस्थायी रूप से कब्जेनुमा स्थिति में बदल दिया गया है। यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख आवागमन सड़क होने के कारण दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क पर फैली गिट्टी और मलबे के कारण कई बाइक एवं स्कूटी चालक फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब निर्माण सामग्री हटाने और सड़क साफ रखने को लेकर आपत्ति दर्ज करवाई जाती है तो निर्माणकर्ता कथित रूप से यह कहकर दबाव बनाने का प्रयास करता है कि “पहले भी इसी प्रकार निर्माण कराया गया था” तथा “नगर निगम और प्रशासन में पहचान होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं होगी।”

यह भी पढ़ें:

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तत्काल निरीक्षण कर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए तथा सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को तुरंत हटवाया जाए। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कें किसी निजी निर्माण कार्य का गोदाम नहीं बन सकतीं और आमजन की सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों ने यह भी मांग उठाई है कि नगर निगम और प्रशासन शहर की प्रत्येक कॉलोनी एवं मुख्य मार्गों पर निर्माण कार्य से जुड़े स्पष्ट नियम सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करें। नागरिकों का सुझाव है कि संबंधित क्षेत्रों में सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिनमें यह स्पष्ट लिखा हो कि सड़क या सार्वजनिक स्थान पर निर्माण सामग्री फैलाना दंडनीय है। साथ ही संबंधित जिम्मेदार अधिकारी, हेल्पलाइन और शिकायत प्रकोष्ठ के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए जाएं ताकि शिकायत मिलने पर मौके पर तुरंत कार्रवाई हो सके और आमजन को राहत मिले।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते सख्ती नहीं दिखाता तो शहर की कॉलोनियों में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण कार्य की समस्या लगातार बढ़ती जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कानून सभी के लिए समान रूप से लागू हो और प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्रवाई प्रभावित न हो।

(यह समाचार स्थानीय नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई जानकारी और क्षेत्रीय स्थिति के आधार पर तैयार किया गया है।)

भेजें अपनी समस्या हम बनेंगे आपकी आवाज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *