वर्चुअल सुनवाई के दौरान अचानक आपत्तिजनक वीडियो चलने से अदालत में अफरा-तफरी, जांच शुरू
नई दिल्ली। (L low)दिल्ली हाईकोर्ट में वर्चुअल सुनवाई की तैयारी के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अचानक अदालत की कार्यवाही के बीच आपत्तिजनक वीडियो चल गया। घटना उस समय हुई जब मुख्य न्यायाधीश की अदालत एक मामले की सुनवाई के लिए तैयार थी और वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) प्रणाली सक्रिय थी।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो एक बार नहीं बल्कि दो बार चला, जिससे अदालत में मौजूद न्यायाधीशों, वकीलों और अन्य संबंधित पक्षों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह वीडियो संभवतः किसी प्रतिभागी के लॉग-इन के माध्यम से प्रसारित हुआ, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के तुरंत बाद एहतियातन वीसी प्रणाली को बंद कर दिया गया और तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दिए गए। न्यायालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्चुअल सुनवाई की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।
इस अप्रत्याशित घटना ने अदालतों में डिजिटल सुनवाई की तकनीकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
