DMart पार्किंग में तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, 25 वर्षीय युवती की मौत

Spread the love

अजमेर। अजमेर के पंचशील नगर स्थित DMart स्टोर के बाह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवती की जान चली गई। तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने शॉपिंग के लिए आई युवती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कृष्णगंज थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के साचौर हाल शास्त्रीनगर निवासी सरिता राठौड़ (25) पुत्री शिवराज सिंह के रूप में हुई है। सरिता अजमेर में एक स्टील कारोबारी के यहां काम करती थी और बुधवार शाम घरेलू सामान खरीदने के लिए डी-मार्ट आई थी। खरीदारी के बाद वह पार्किंग में खड़े अपने स्कूटर की ओर जा रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि सरिता कार और दीवार के बीच बुरी तरह दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक अर्जुन सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित करने वाली कार को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार सरिता चार भाई-बहनों में मंझली थी। उसका छोटा भाई महिपाल सिंह एयरफोर्स में कार्यरत है, जो छुट्टियों में उदयपुर से बहन से मिलने आ रहा था, लेकिन अजमेर पहुंचते ही उसे बहन की मौत की खबर मिली। अस्पताल के बाहर उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिसे परिजन और परिचित सांत्वना देते नजर आए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *