नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मलेशिया प्रवास के दौरान वहां के चार प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात कर भारत–मलेशिया व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान पेट्रोनास के अध्यक्ष एवं समूह सीईओ तन श्री तेंग्कू मुहम्मद तौफिक, बरजाया कॉर्पोरेशन बरहाद के संस्थापक तन श्री दातो सेरी विंसेंट तन ची यिउन, खज़ानाह नेशनल बरहाद के प्रबंध निदेशक दातो अमीरुल फैसल वान ज़ाहिर तथा फ़िसन इलेक्ट्रॉनिक्स के संस्थापक दातो पुआ खेन सेंग शामिल रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते व्यापार-से-व्यापार संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय विकास गाथा में मलेशियाई कंपनियों की रुचि लगातार बढ़ रही है। उन्होंने व्यापार सुगमता, स्थिर और पूर्वानुमानित नीतिगत वातावरण के लिए भारत में किए गए सुधारों का उल्लेख किया और मलेशियाई कंपनियों को अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री ने 7 फरवरी 2026 को कुआला-लंपुर में आयोजित 10वें भारत–मलेशिया सीईओ फोरम की भी सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को नई मजबूती मिलेगी।
उद्योग जगत के प्रमुखों ने भारत सरकार द्वारा ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में किए गए सुधारों की प्रशंसा की और भारत की आर्थिक प्रगति में विश्वास जताया। उन्होंने अपने निवेश पोर्टफोलियो के विस्तार तथा भारतीय कंपनियों के साथ संयुक्त उद्यमों की संभावनाओं पर भी सकारात्मक रुख दिखाया।
