अजमेर । अजमेर दक्षिण विधानसभा विधायक अनीता भदेल ने शनिवार को दयानंद कॉलेज के खेल मैदान में आगामी 14 जनवरी को आयोजित होने वाले सुंदरकाण्ड पाठ के लिए भूमि पूजन एवं झण्डारोहण विधिवत किया। यह धार्मिक आयोजन श्री सनातन संस्कृति संरक्षण प्रन्यास द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 5151 आसनों की व्यवस्था की गई है।
विधायक भदेल ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह आयोजन मकर संक्रांति के पावन पर्व पर 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। सुन्दरकाण्ड पाठ के बाद महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन निःशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। विधायक श्रीमती भदेल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करें और सनातन संस्कृति के संरक्षण में योगदान दें।
इस अवसर पर अजमेर दक्षिण श्री सनातन संस्कृति संरक्षण प्रन्यास के सभी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
