AK-47 के राउंड, पिस्टल गोलियां और ग्रेनेड लीवर बरामद
जम्मू। 20 नवम्बर । जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बुधवार सुबह जम्मू के रिजिडेंसी रोड स्थित कश्मीर टाइम्स अख़बार के दफ्तर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े एक दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई।
जांच एजेंसी ने ऑफिस से AK-47 रायफल के खाली कारतूस, तीन जिंदा AK राउंड, पिस्टल राउंड, और तीन ग्रेनेड सेफ्टी लीवर बरामद किए। साथ ही कई डिजिटल डिवाइस, कंप्यूटर और दस्तावेज भी जांच के लिए जब्त किए गए हैं।
SIA का दावा है कि जब्त सामग्री गंभीर सुरक्षा खतरे की ओर संकेत करती है और हथियारों की सप्लाई के स्रोत व नेटवर्क की पड़ताल के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।
एडिटर अनुराधा भासिन के खिलाफ UAPA में मुकदमा
छापे के बाद एजेंसी ने अखबार की एक्जीक्यूटिव एडिटर अनुराधा भासिन पर आरोप लगाया है कि अखबार के माध्यम से देश की संप्रभुता व अखंडता को चुनौती देने वाली गतिविधियाँ की जा रही थीं। उन्हें UAPA धारा 13 के तहत नामजद किया गया है।
एजेंसी के अनुसार, पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई — जिसमें गिरफ्तारी की संभावना भी शामिल है — की जा सकती है।
“हम पर झूठे आरोप, प्रेस को चुप कराने की कोशिश” — कश्मीर टाइम्स
कश्मीर टाइम्स प्रबंधन ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने का प्रयास बताया है। उनका आरोप है कि सरकार पर सवाल उठाने वाले मीडिया संस्थानों को टारगेट किया जा रहा है।
राजनीतिक हलचल, मानवाधिकार संगठनों की नज़र
विपक्षी दलों और कुछ मीडिया मंचों ने इस वक्त कार्रवाई के समय और तरीके पर प्रश्न उठाए हैं और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के सामने चुनौती बताया है। वहीं, पुलिस व SIA का कहना है कि कार्रवाई कानूनी आधार पर और ठोस जानकारी के बाद की गई है।
सच क्या है — यह न्यायिक प्रक्रिया तय करेगी।
