राजस्थान के नदबई क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। जनूथर सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दंपती और उनके दो छोटे बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा नदबई थाना क्षेत्र के गांव लुहासा के पास ईंट भट्टे के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और गाड़ी दोनों में आग लग गई। गाड़ी पलटकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
मारे गए चारों लोग कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव दहवा के निवासी थे। मृतकों में नटवर (35), उसकी पत्नी पूजा (30), डेढ़ वर्षीय पुत्र दीपू और तीन वर्षीय पुत्री परी शामिल है ।
परिवार सरसों के बीज और दिवाली की खरीदारी के लिए नदबई जा रहा था। लोगों ने बताया कि बच्चे आतिशबाजी की जिद कर रहे थे। इसी कारण परिवार बाइक पर सवार होकर ससुराल नेवारा जा रहा था।
हादसे की सूचना पर नदबई थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। भीषण हादसे के कारण सड़क पर लंबी वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
भिड़ंत के बाद बाइक और गाड़ी में लगी आग को अग्निशमन टीम ने नियंत्रित किया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी दिगंत आनंद और जिला कलक्टर कमर चौधरी भी मौके पर पहुंचे
ग्रामीणों का कहना है कि हादसा बेहद भयावह था और परिवार को कोई मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
