
रीवा/गढ़। जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश ने ग्रामीण अंचलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कहीं जलभराव से लोग परेशान हैं तो कहीं कच्चे मकानों के गिरने और जलभराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच मनगवां तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बांस में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। यहां 78 वर्षीय किसान बुद्धसेन मिश्रा की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।बताया जा रहा है कि किसान बुद्धसेन मिश्रा सुबह घर से निकले थे। इसी दौरान उनकी भैंस के वापस नहीं लौटने पर वह उसकी तलाश में निकल पड़े। बारिश के कारण आसपास के रास्तों और जलस्रोतों में पानी काफी बढ़ गया था। इसी दौरान एक बावली के समीप से गुजरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह स्वयं को संभाल नहीं सके और उनकी मौके पर ही डूबने से मौत हो गई।
कई घंटे बाद पानी में दिखाई दिया शव, गांव में मचा हड़कंप
हादसे के कुछ घंटे बाद स्थानीय ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो पानी में बुजुर्ग किसान का शव तैरता मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही लालगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, प्राकृतिक आपदा सहायता की प्रक्रिया शुरू
घटना की जानकारी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र तिवारी को भी मिली। उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से घटना से अवगत कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही गढ़ वृत के नायब तहसीलदार अजय मिश्रा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित हल्का पटवारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।नायब तहसीलदार के निर्देश पर हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और घटना का पंचनामा तैयार करते हुए प्राकृतिक आपदा से संबंधित सहायता राशि की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
लगातार बारिश ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें
गौरतलब है कि रीवा जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में हालात प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों से पानी में डूबने, मकान क्षतिग्रस्त होने और आवागमन बाधित होने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं।बांस गांव में हुई यह घटना एक बार फिर बारिश के दौरान ग्रामीण इलाकों में मौजूद खुले जलस्रोतों और गहरे पानी वाले स्थानों को लेकर सावधानी की जरूरत को सामने लाती है। एक बुजुर्ग किसान की जान चली जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी मातम का माहौल है।प्रशासनिक स्तर पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
