संजय गांधी अस्पताल पर कलेक्टर की सीधी नजर, राजस्व अधिकारियों की नियमित निगरानी जारी

Spread the love

अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी ने सुबह अस्पताल पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं; डॉक्टरों की उपस्थिति, सफाई और वार्डों में एक सहायक के प्रवेश संबंधी निर्देशों का लिया जायजा

रीवा। विंध्य क्षेत्र के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी और सख्त कर दी है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों द्वारा अस्पताल का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि उपचार व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जमीनी स्थिति लगातार सामने आती रहे।इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने सुबह करीब 10:30 बजे संजय गांधी अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रियंक शर्मा से ड्यूटी चार्ट के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति तथा वार्डों में मरीजों के साथ केवल एक सहायक को प्रवेश दिए जाने संबंधी प्रशासनिक निर्देशों के पालन पर भी विशेष रूप से जानकारी ली गई।अपर कलेक्टर के समक्ष अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि वार्डों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और मरीज के साथ केवल एक व्यक्ति को ही वार्ड में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। वहीं कलेक्टर के निर्देश के अनुरूप वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती किए जाने की जानकारी भी दी गई।निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अन्य चिकित्सक भी उपस्थित मिले। प्रशासन की ओर से अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विंध्य के इस प्रमुख सरकारी अस्पताल में मरीजों को उपचार के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन हो। जिला प्रशासन का संदेश साफ है—संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर अब केवल कागजी रिपोर्ट नहीं, बल्कि नियमित जमीनी निगरानी के जरिए नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *