गुवाहाटी। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में मानव संसाधन विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ह्यूमन कैपिटल वर्किंग ग्रुप की बैठक 5–6 जनवरी 2026 को आईआईटी गुवाहाटी परिसर में आयोजित की जाएगी। यह बैठक भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत इंडिया एआई, असम सरकार और आईआईटी गुवाहाटी के सहयोग से हो रही है।
दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता प्रो. टी. जी. सीताराम, ह्यूमन कैपिटल वर्किंग ग्रुप के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के पूर्व एआईसीटीई अध्यक्ष करेंगे। बैठक में वरिष्ठ नीति-निर्माता, शिक्षाविद्, उद्योग विशेषज्ञ और प्रैक्टिशनर्स भाग लेंगे, जो एआई के युग में शिक्षा, कौशल विकास और कार्यबल की भविष्य की तैयारियों पर मंथन करेंगे।
कार्यक्रम में असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी—विशेष मुख्य सचिव सैयदैन अब्बासी, प्रधान सचिव (आईटी) के. एस. गोपीनाथ नारायण और आईटी निदेशक अश्वनी कुमार—की भागीदारी रहेगी। इसके अलावा आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. जलिहाल, पूर्व निदेशक प्रो. गौतम बरुआ तथा इंडिया एआई, MeitY की संयुक्त निदेशक शिखा दहिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
बैठक में शिक्षा सुधार, जेंडर-रिस्पॉन्सिव एआई रणनीतियाँ, राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन और एआई-सक्षम कौशल विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ पैनल चर्चाएँ होंगी। यह बैठक 15–20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए एक अहम पूर्व तैयारी मंच के रूप में कार्य करेगी और भविष्य के लिए तैयार, सशक्त कार्यबल निर्माण की दिशा तय करेगी।
