अजमेर शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने राह चल रही छात्राओं को निशाना बनाते हुए उनका मोबाइल फोन छीन लिया और कुछ ही सेकंड में फरार हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्राएं सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो युवक बाइक पर धीरे-धीरे उनके पास पहुंचे और अचानक झपट्टा मारते हुए एक छात्रा के हाथ से मोबाइल छीन लिया। जब तक छात्राएं और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश तेज रफ्तार से मौके से भाग निकले। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है तथा शहर में संदिग्ध बाइक सवारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं से खासकर छात्राओं और महिलाओं में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मांग की है कि स्कूल-कॉलेज मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
