Indian Railways का कायाकल्प: देश को मिली पहली Vande Bharat Sleeper ट्रेन
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से देश की पहली Vande Bharat Sleeper ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। यह ट्रेन लंबी दूरी की रात्रि यात्राओं को तेज़, सुरक्षित और अत्यधिक आरामदायक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अब तक वंदे भारत ट्रेनों में केवल चेयर-कार सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन स्लीपर संस्करण के शुभारंभ के साथ यात्रियों को आधुनिक AC स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन में 1AC, 2AC और 3AC श्रेणी के कोच शामिल हैं, जिनमें आराम दायक बेड-डिज़ाइन, बेहतर रोशनी, आधुनिक शौचालय और स्वचालित दरवाज़ों जैसी सुविधाएँ दी गई हैं। सुरक्षा के लिहाज़ से ट्रेन में कवच (KAVACH) सुरक्षा प्रणाली भी मौजूद है।
पहली Vande Bharat Sleeper ट्रेन हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलेगी। यह ट्रेन लगभग 950 किलोमीटर से अधिक की दूरी को कम समय में तय करेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और उत्तर-पूर्व भारत की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन पारंपरिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में कई घंटे कम समय में यात्रा पूरी करेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक ट्रेनें केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की तस्वीर हैं। Vande Bharat Sleeper ट्रेन से न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी, बल्कि रेलवे के बुनियादी ढांचे और तकनीकी क्षमता को भी नई पहचान मिलेगी।
