अजमेर/ पवित्र नगरी पुष्कर में आयोजित बागेश्वर धाम कथा से पहले निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान अपराध की शर्मनाक घटना सामने आई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शातिर महिला चोर गिरोह ने कई महिलाओं के गले से सोने की चेन तोड़ ली, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया।
कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कुछ संदिग्ध महिलाएं श्रद्धालुओं के बीच घुस गईं और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाओं को हल्का धक्का देकर पलक झपकते ही गले से सोने की चेन गायब कर दी गई।
घटना के बाद कई पीड़ित महिलाएं रोती-बिलखती नजर आईं। कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें चोरी का एहसास तब हुआ जब यात्रा आगे निकल चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने पहुंचकर शिकायत दर्ज की और जांच शुरू की।
पुलिस प्रशासन अब आयोजन स्थल और यात्रा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है। प्रारंभिक आशंका महिला चेन स्नेचर गैंग की बताई जा रही है, जो बड़े धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाता है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में सतर्क रहें और कीमती आभूषण पहनने से बचें।
