अजमेर। अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 का जनादेश सोमवार को सामने आ गया। 80 वार्डों वाले नगर निगम में इस बार मतदाताओं ने किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया। उपलब्ध वार्डवार परिणामों के अनुसार कांग्रेस 37 वार्ड जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि भाजपा के खाते में 32 वार्ड आए। 11 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की है। यानी बहुमत के लिए जरूरी 41 पार्षदों का आंकड़ा किसी भी दल के पास नहीं है। ऐसे में अब नगर निगम की सत्ता की चाबी निर्दलीय पार्षदों के हाथ में पहुंच गई है।
यह चुनाव भाजपा के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अजमेर नगर निगम में लंबे समय से उसका प्रभाव रहा है। वहीं कांग्रेस ने इस बार मजबूत वापसी करते हुए सबसे बड़े दल का दर्जा हासिल किया। लेकिन कांग्रेस बहुमत से चार कदम दूर रह गई। अब असली राजनीतिक परीक्षा मेयर चुनाव में होगी। मेयर पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और पार्षदों के जरिए होने वाली अगली प्रक्रिया में निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक रह सकती है।
वार्ड 1 से 80 तक किसके सिर बंधा जीत का सेहरा
वार्ड 1 विनोद डीडवानिया—भाजपा, 2 कमल बैरवा—कांग्रेस, 3 अनामिका शर्मा—भाजपा, 4 मोनिका—भाजपा, 5 मंजू देवी—भाजपा, 6 मीनाक्षी—भाजपा, 7 विवेक सिंह रावत—भाजपा, 8 कुंदन वैष्णव—निर्दलीय, 9 मीनाक्षी यादव—कांग्रेस, 10 हेमलता—भाजपा।
11 सुफिया कुरेशी—निर्दलीय, 12 रंजना—भाजपा, 13 मोहम्मद रेहान खान—कांग्रेस, 14 अजहर खान—निर्दलीय, 15 अमाद—कांग्रेस, 16 तरूणा गोयल—भाजपा, 17 बालेश गोहिल—भाजपा, 18 लक्ष्मी—कांग्रेस, 19 चंद्रशेखर बालोटिया—कांग्रेस, 20 राजेश शर्मा—भाजपा।
21 सुनील मोतियानी—कांग्रेस, 22 गोविन्द राज—भाजपा, 23 नीलम सियोता—कांग्रेस, 24 रश्मि हिंगोरानी—कांग्रेस, 25 दुर्गा—भाजपा, 26 सुनील केन—कांग्रेस, 27 विनोद कुमार—निर्दलीय, 28 गायत्री सोनी—निर्दलीय, 29 हेमलता खत्री—भाजपा, 30 मोसिना—कांग्रेस।
31 अंकित गुर्जर—भाजपा, 32 खुशनुमा परवीन—कांग्रेस, 33 मोहम्मद इकरामुद्दीन—कांग्रेस, 34 मंजू शर्मा—भाजपा, 35 मोनिका—निर्दलीय, 36 निहाल सिंह शेखावत—कांग्रेस, 37 मदन सिंह रावत—निर्दलीय, 38 ईश्वर टहलयानी—कांग्रेस, 39 सीमा—कांग्रेस, 40 ज्योति मिश्रा—भाजपा।
41 सुनील सिंह—भाजपा, 42 संदीप माखीजानी—भाजपा, 43 काजल यादव—कांग्रेस, 44 पुष्पा राजोरिया—कांग्रेस, 45 ऋषि बन्सिवाल—कांग्रेस, 46 हेमंत सांखला—भाजपा, 47 शशि गारवाल—कांग्रेस, 48 निर्मल कुमार—कांग्रेस, 49 घनश्याम वर्मा—निर्दलीय, 50 चंदन सिंह—कांग्रेस।
51 चंद्रकांत पालीवाल—कांग्रेस, 52 सतीश बैरवा—कांग्रेस, 53 कैलाश चंद कोमल—निर्दलीय, 54 प्रीति माहुर—कांग्रेस, 55 विनोद आसनानी—कांग्रेस, 56 सुनील गुर्जर—निर्दलीय, 57 किरण गढ़वाल—कांग्रेस, 58 मनीष सेठी—कांग्रेस, 59 बबीता—कांग्रेस, 60 भावना चौहान—कांग्रेस।
61 मीनाक्षी मीना—कांग्रेस, 62 पुष्पा जेदिया—कांग्रेस, 63 उदयवीर सिंह राठौड़—भाजपा, 64 आशा तुनवाल—कांग्रेस, 65 नोरतमल गुर्जर—कांग्रेस, 66 गणेश चंद्र चौहान—कांग्रेस, 67 नलिनी शर्मा—भाजपा, 68 अनीश मोयल—भाजपा, 69 रशिम शर्मा—कांग्रेस, 70 उमा पंडित—भाजपा।
71 रितु रानी—भाजपा, 72 अन्नू श्री—भाजपा, 73 गंगाराम सैनी—भाजपा, 74 रूबी जैन—निर्दलीय, 75 रमेश चेलानी—भाजपा, 76 सतीश बंसल—भाजपा, 77 विकास कुमार लालवानी—भाजपा, 78 हमीद खान—कांग्रेस, 79 कुमार लालवानी—भाजपा और 80 काश्यपी सांखला—भाजपा।
कांग्रेस सबसे आगे, लेकिन सत्ता अभी भी दूर
वार्डवार तस्वीर बताती है कि कांग्रेस ने 37 सीटों के साथ बढ़त जरूर बना ली है, लेकिन 41 के बहुमत से वह चार सीट दूर है। भाजपा 32 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं 11 निर्दलीय पार्षदों की मौजूदगी ने चुनाव के बाद की राजनीति को और रोचक बना दिया है। ऐसे में अब चुनाव प्रचार की भीड़ खत्म होने के बाद असली राजनीतिक गणित शुरू होगा।
इस जनादेश का एक बड़ा संदेश यह भी है कि अजमेर की जनता ने स्थानीय चुनाव में केवल पार्टी के नाम पर वोट नहीं किया। कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने दोनों प्रमुख दलों को चुनौती दी और जीत हासिल की। वार्ड 14 में जीत का अंतर महज 41 वोट, वार्ड 28 में 28 वोट, वार्ड 46 में 15 वोट और वार्ड 56 में 37 वोट रहा। यानी कई वार्डों में जनता का फैसला बेहद करीबी रहा।
अब निगाहें मेयर चुनाव पर हैं। नगर निगम में 41 का आंकड़ा बहुमत के लिए जरूरी है और कोई भी दल इस संख्या तक नहीं पहुंचा है। इसलिए आने वाले दिनों में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो सकती है। अजमेर की जनता ने पार्षद चुन दिए हैं, अब इन पार्षदों के सामने अगली जिम्मेदारी होगी—राजनीतिक गणित से ऊपर उठकर शहर के विकास, सफाई, सड़क, जल निकासी, यातायात, अतिक्रमण और झील-अनासागर जैसे स्थानीय मुद्दों पर काम करने वाली नगर सरकार चुनना।
जनता का फैसला साफ है—कुर्सी किसी की भी हो, अब अजमेर के मुद्दों पर काम दिखना चाहिए।
