अजमेर, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने योजना के नियमों में बदलाव करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत अब पात्र उपभोक्ताओं को जनआधार मुखिया के बैंक खाते और एलपीजी आईडी की मैपिंग करवाना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के अनुसार, यदि परिवार के मुखिया का बैंक खाता बदल गया है तो नए खाते का विवरण जनआधार और एलपीजी सब्सिडी पोर्टल दोनों पर अपडेट करवाना होगा। उपभोक्ता यह प्रक्रिया घर बैठे विभागीय वेबसाइट के माध्यम से पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी उचित मूल्य दुकान (राशन डीलर) पर जाकर भी एलपीजी आईडी मैपिंग करवाई जा सकती है।
जिला रसद अधिकारी नीरज कुमार जैन के अनुसार अजमेर जिले में एनएफएसए के तहत 3,09,747 राशन कार्ड हैं तथा 1,19,005 उपभोक्ता लाभान्वित हैं। जिले में जनआधार मैपिंग का कार्य अब तक 69.34 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
विभाग ने शेष पात्र उपभोक्ताओं से जल्द बैंक खाता अपडेट कराने और एलपीजी आईडी मैपिंग सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि सब्सिडी की राशि सीधे उनके लिंक बैंक खाते में समय पर पहुंच सके।
