आतंकवाद से निपटने से लेकर आपदा राहत तक संयुक्त प्रशिक्षण, 8 दिसंबर तक चलेगा अभ्यास
नई दिल्ली/ सलझंडी (नेपाल) | (प्रेस) भारत और नेपाल की सेनाओं ने आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की तैयारी को मजबूत करने के लिए बुधवार को 20वें सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण XX’ की शुरुआत की। नेपाल के सलझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में शुरू हुआ यह अभ्यास 25 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलेगा।
अभ्यास में भारत और नेपाल के 334-334 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व कुमाऊं रेजिमेंट, जबकि नेपाली दल का प्रतिनिधित्व श्री ज्वाला दल बटालियन कर रही है। उद्घाटन समारोह में नेपाल सेना के मध्य पश्चिमी डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल पूर्ण बहादुर खत्री मुख्य अतिथि रहे।
चुनौतीपूर्ण हालात में संयुक्त ऑपरेशन की तैयारी
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिक चुनौतीपूर्ण भूभाग में आतंकवाद और उग्रवाद रोधी अभियानों का संयुक्त प्रशिक्षण लेंगे। हेलीकॉप्टर से सैनिकों की तैनाती, सामरिक अभियान, आपदा प्रतिक्रिया और चिकित्सा प्रशिक्षण भी अभ्यास का हिस्सा होंगे।
दोनों सेनाएं अपने परिचालन अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करेंगी। संयुक्त अभियानों के दौरान तालमेल बढ़ाने के लिए रणनीति, तकनीक और संचालन प्रक्रियाओं को भी परखा जाएगा।
‘सूर्यकिरण’ भारत और नेपाल के बीच हर वर्ष होने वाला द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जिसकी मेजबानी दोनों देश बारी-बारी से करते हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, मित्रता और परिचालन समन्वय को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।
