युद्ध की आंच में झुलसी पढ़ाई: पश्चिम एशिया में CBSE की 12वीं परीक्षाएं रद्द

Spread the love

नई दिल्ली । (एजेंसी)पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध जैसे हालातों का असर अब शिक्षा क्षेत्र पर भी दिखाई देने लगा है। Central Board of Secondary Education (CBSE) ने एक आपात निर्णय लेते हुए इस क्षेत्र के प्रभावित देशों में कक्षा 12वीं की शेष सभी बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि युद्ध और तनावपूर्ण परिस्थितियों के कारण कई विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में असमर्थ थे। इस निर्णय से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित CBSE से मान्यता प्राप्त 150 से अधिक स्कूलों के हजारों छात्र प्रभावित होंगे।
बोर्ड द्वारा जारी छठे सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच होने वाली सभी शेष परीक्षाएं अब आयोजित नहीं की जाएंगी। इससे पहले 1 मार्च के बाद जिन विषयों की परीक्षाएं स्थगित की गई थीं, उन्हें भी अब रद्द माना जाएगा। CBSE के परीक्षा नियंत्रक Sanyam Bhardwaj ने बताया कि यह निर्णय स्थानीय परिस्थितियों, स्कूल प्रशासन और संबंधित देशों के अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर लिया गया है।
गौरतलब है कि 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं और कई विषयों के पेपर पहले ही संपन्न हो चुके थे। बोर्ड ने कहा है कि प्रभावित छात्रों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और मूल्यांकन के तरीके की जानकारी जल्द जारी की जाएगी। यह फैसला खाड़ी देशों में पढ़ रहे हजारों भारतीय छात्रों के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खबर सोर्स : प्रभा साक्षी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *