अजमेर। (मीडिया) शहर की तत्कालीन महिला पार्षद के साथ मारपीट के बहुचर्चित मामले में लंबे समय बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व पार्षद के पुत्र वाहिद मोहम्मद को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। यह मामला वर्ष 2012 का बताया जा रहा है, जिसमें अजमेर नगर निगम की तत्कालीन महिला पार्षद शाहिदा परवीन के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी।
प्रकरण के अनुसार घटना के समय पार्षद शाहिदा परवीन ने आरोप लगाया था कि स्थानीय विवाद के दौरान वाहिद मोहम्मद ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के बाद न्यायालय में चालान पेश किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद वर्ष 2020 में न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए एक माह के कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
अदालत के फैसले के खिलाफ आरोपी द्वारा सेशन न्यायालय में अपील दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई के बाद 21 जनवरी 2026 को अपील खारिज कर दी गई और निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सजा को बरकरार रखा गया। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अजमेर छोड़कर जोधपुर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। इस पर दरगाह थाना पुलिस की विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई और आरोपी को जोधपुर से गिरफ्तार कर अजमेर लाया गया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए कार्रवाई की गई है तथा मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी रहेगी। लंबे समय बाद हुई गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है। RP
