जोधपुर–बीकानेर–नागौर–धौलपुर में IT का सर्च ऑपरेशन जारी
जयपुर/जोधपुर/बीकानेर।
राजस्थान में गुरुवार अलसुबह आयकर विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए घी व्यापार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की है। जोधपुर, बीकानेर, नागौर और धौलपुर जिलों में एक साथ आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि लंबे समय से इन व्यापारियों के खिलाफ आयकर चोरी की शिकायतें मिल रही थीं।
बीकानेर में श्वेता घी ब्रांड पर रेड
बीकानेर में मोहनलाल आशीष कुमार फर्म पर आयकर विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। यह फर्म “श्वेता घी” ब्रांड नाम से घी का व्यापार करती है। आयकर विभाग की टीम फर्म के दस्तावेजों और खातों की गहन जांच कर रही है। फिलहाल सर्च की कार्रवाई जारी है।
जोधपुर में 25 गाड़ियों के साथ पहुंची IT टीम
जोधपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई बड़ी बताई जा रही है। दिल्ली और मुंबई से आए आयकर विभाग के अधिकारी करीब 25 गाड़ियों में सवार होकर व्यापारी के प्रतिष्ठान और निवास पर पहुंचे। अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ सर्वे और सर्च की कार्रवाई की जा रही है।
धौलपुर: रीको स्थित भोले बाबा डेयरी पर जांच
धौलपुर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित भोले बाबा डेयरी पर भी आयकर विभाग की टीम ने अलसुबह दबिश दी। अचानक टीम के पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया। सदर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। डेयरी कर्मचारियों को बाहर जाने से रोका गया और अंदर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
नागौर में भी घी व्यापारियों पर शिकंजा
नागौर जिले में भी घी व्यापार से जुड़े कारोबारियों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। सूत्रों के अनुसार तीन जिलों में एक साथ यह कार्रवाई की गई है।
बड़े खुलासे की संभावना
आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद बड़े पैमाने पर आयकर चोरी का खुलासा हो सकता है। फिलहाल अधिकारी दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
राजस्थान में एक साथ हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से व्यापारिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
