मकर संक्रांति पर अजमेर बना अयोध्या, लक्ष्य 5151 पार , 7236 आसनों पर हुआ सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ

Spread the love

अजमेर। मकर संक्रांति एवं एकादशी के पावन अवसर पर अजमेर नगर में धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। दयानंद कॉलेज (डीएवी कॉलेज), ब्यावर रोड स्थित खेल मैदान में आयोजित सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ ने इतिहास रच दिया। 5151 आसनों के लक्ष्य से शुरू हुए इस आयोजन में श्रद्धालुओं की अपार आस्था बढ़कर 7236 आसनों तक पहुंच गई।
यह भव्य आयोजन अजमेर दक्षिण श्री सनातन संस्कृति संरक्षण प्रन्यास के तत्वावधान में तथा अजमेर दक्षिण विधायिका अनिता भदेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विश्वविख्यात संत रसराज जी महाराज द्वारा संगीतमय एवं भावपूर्ण सुन्दरकाण्ड पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया। हजारों श्रद्धालु “जय श्री राम” के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
डीएवी कॉलेज का खेल मैदान अयोध्या नगरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया। विशाल मंच पर श्रीराम मंदिर से प्रेरित भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा समापन पर आठ वैदिक पंडितों द्वारा भव्य महाआरती संपन्न कराई गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल को 10 खंडों में विभाजित किया गया तथा पार्किंग, जल, बैठने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई। निम्बार्काचार्य जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं एवं केंद्रीय मंत्री, सांसद, मंत्री, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
विधायक अनिता भदेल ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह सामूहिक सुंदरकांड पाठ अजमेर के धार्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *