अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अजमेर द्वारा निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने वाले एक शिक्षक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार, नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र-102 के मतदान केंद्र संख्या 40 (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कमर नं. 02, पगारा) पर तैनात महेन्द्र सिंह भाटी, शिक्षक, राजकीय विद्यालय पगारा द्वारा निर्वाचन कार्यों में निरंतर गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी।
निर्वाचक पंजीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) नसीराबाद की रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने इसे सेवा नियमों के तहत गंभीर मानते हुए राजस्थान सिविल सेवा (अनुशासनिक, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य में जरा सी लापरवाही भी स्वीकार्य नहीं है। यह कार्रवाई अन्य कर्मचारियों के लिए एक सबक है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी निर्वाचन जैसी जिम्मेदारी में ढिलाई बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
