जयपुर, 13 दिसंबर।(प्रेस)
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे से शनिवार को लोकभवन में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वर्ष 2023 एवं 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सेवा, समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता की भी मांग करती है। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करते हुए कर्तव्यों के निर्वहन पर जोर दिया और कहा कि यही सोच एक अधिकारी को सशक्त एवं जनप्रिय बनाती है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी उसकी मानवीय दृष्टि होती है। आमजन का विश्वास अर्जित करना पुलिस सेवा की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कसौटी है। जब जनता पुलिस को अपना संरक्षक माने, तभी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होता है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि युवा आईपीएस अधिकारी अपने कार्यकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ सेवा करते हुए प्रशासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।
