अजमेर, 23 सितम्बर।
राज्य सरकार युवाओं को नौकरी के अवसरों से जोड़ने के लिए एक बार फिर बड़ा आयोजन करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बांसवाड़ा दौरे के मौके पर 25 सितम्बर को पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव मनाया जाएगा। अजमेर में भी इसका जिला स्तरीय कार्यक्रम तय हुआ है।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने सोमवार को बताया कि यह कार्यक्रम जेएलएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में दोपहर 12:30 बजे होगा। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नवनियुक्त कर्मचारियों से वर्चुअल संवाद करेंगे। यह संवाद उन युवाओं के लिए उत्साह का पल होगा जिन्होंने हाल ही में सरकारी विभागों में नियुक्ति पाई है।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। वहीं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया और रोजगार विभाग के उप निदेशक मधुसूदन जोशी सहायक प्रभारी की भूमिका निभाएंगे।
इस आयोजन का मकसद सिर्फ नियुक्ति पत्र बांटना नहीं, बल्कि युवाओं में भरोसा जगाना भी है कि सरकारी नौकरियां अब पारदर्शिता और तेज प्रक्रिया से मिल रही हैं। प्रशासन का दावा है कि उत्सव का माहौल बनेगा और नवनियुक्त कार्मिकों को महसूस होगा कि वे राज्य की विकास यात्रा के अहम हिस्सेदार हैं।
यह भी पढ़ें :-
