कमीशन के लालच में बैंक खाते दिए, 70 लाख की साइबर ठगी का खुलासा

Spread the love

जयपुर । जोधपुर में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां युवाओं ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते ठगों को दे दिए। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर थाने ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों—फरदीन खान, हिमांशु यादव, देव कंडारा और रोहित पंडित—को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन खातों में देश के 8 राज्यों से करीब 70 लाख रुपए की ठगी की रकम आई थी।

एडीसीपी (साइबर सेल) धन्नाराम ने बताया कि ठग गरीब व निम्न आय वर्ग के युवाओं को 15-20 हजार रुपए का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम और पासबुक अपने कब्जे में ले लेते थे। ठगी की रकम सबसे पहले इन्हीं खातों में ट्रांसफर होती और फिर एटीएम के जरिए तुरंत निकाल ली जाती थी।

जांच में सामने आया कि फरदीन के खातों में 33 लाख, हिमांशु के खाते में 19 लाख और देव कंडारा के खाते में 14.5 लाख रुपए का लेन-देन हुआ। देव ने अपना खाता रोहित को भी इस्तेमाल के लिए दिया था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की ‘फर्स्ट लेयर’ के रूप में किया गया।

चारों आरोपियों के खिलाफ तमिलनाडु, दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 8 राज्यों में 15 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपने बैंक खाते या दस्तावेज किसी को न दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *