वायु-सीमा का नया प्रहरी: एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने संभाली दक्षिण पश्चिमी वायु कमान, राष्ट्र की सुरक्षा को मिला अनुभवी नेतृत्व

Spread the love

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिवर्तन के तहत एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने 1 जनवरी 2026 को दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के पश्चात उन्होंने युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र एयर मार्शल तेजिंदर सिंह को 13 जून 1987 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वे श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उनके पास 4500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है।

उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज तथा नेशनल डिफेंस कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया है।अपने अब तक के करियर में एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने एक फाइटर स्क्वाड्रन, एक रडार स्टेशन और एक प्रमुख फाइटर एयर बेस की कमान संभाली है। वे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने कमांड मुख्यालय में ऑपरेशनल स्टाफ, एयर मुख्यालय में एयर कमोडोर (पर्सनल ऑफिसर्स-I), मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ में डिप्टी असिस्टेंट चीफ (फाइनेंशियल प्लानिंग) सहित अनेक महत्वपूर्ण , रणनीतिक पदों पर कार्य किया है।ईस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर तथा डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ जैसे अहम दायित्व निभाने के बाद, वर्तमान नियुक्ति से पहले वे भारतीय वायुसेना के ट्रेनिंग कमांड के एओसी-इन-सी के रूप में कार्यरत थे।उनकी उत्कृष्ट और समर्पित सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2007 में वायु सेना मेडल तथा 2022 में राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया। दक्षिण पश्चिमी वायु कमान की कमान संभालने के साथ ही एयर मार्शल तेजिंदर सिंह से क्षेत्रीय सुरक्षा, परिचालन तत्परता और प्रशिक्षण के स्तर को और सुदृढ़ करने की अपेक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *