अजमेर, 27 अक्टूबर।
जिला कलक्टर श्री लोकबंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों के निस्तारण, राज्य एवं केंद्र सरकार के पोर्टलों पर दर्ज मामलों तथा फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परिवादों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए तथा 30 दिन से अधिक पुराने मामलों को शीघ्र निपटाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और भारत सरकार से प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करने और अद्यतन स्थिति पोर्टलों पर दर्ज करने को कहा।
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए श्री लोकबंधु ने विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को कुसुम योजना में लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करने, महिला अधिकारिता विभाग को लाड़ो प्रोत्साहन योजना में पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने, और कृषि विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फार्म पॉन्ड निर्माण एवं कृषि उपकरण वितरण में प्रगति बढ़ाने को कहा।
उन्होंने चिकित्सा विभाग को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत कार्य तेजी से पूर्ण करने और यूडीआईडी कार्ड के लिए दिव्यांगजनों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने कहा कि अजमेर जिला राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की रैंकिंग में अग्रणी बने, इसके लिए सभी अधिकारी समन्वयपूर्वक कार्य करें। बैठक में पुष्कर मेले में आयोजित होने वाली विकास प्रदर्शनी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि विभाग अपनी योजनाओं के प्रचार हेतु आईईसी गतिविधियां और नवाचार प्रदर्शित करें ताकि जनता तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचे।
बैठक में सीईओ जिला परिषद रामप्रकाश, एडीएम ज्योति ककवानी, वंदना खोरवाल, विनीता स्वामी, डॉ. ज्योत्सना रंगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

