जिला स्तरीय कार्यक्रम तबीजी में आयोजित होगा, किसानों के खातों में जाएगी राशि
अजमेर, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को राहत की एक और किश्त मिलने जा रही है। योजना की चतुर्थ किश्त के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम शनिवार, 18 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे भरतपुर के नदबई में आयोजित किया जाएगा।
अजमेर जिले में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केन्द्र, तबीजी में किया जाएगा। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि इस अवसर पर जिलेभर के किसान लाभान्वित होंगे। जिले के ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़ सकें।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में एक हजार रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केन्द्र, तबीजी के निदेशक डॉ. विनय भारद्वाज एवं सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार श्री राजीव कजोत को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह पहल राज्य सरकार की किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
