एक जिला एक उत्पाद नीति: राजस्थान के उत्पादों को वैश्विक पहचान

Spread the love

जयपुर। (एजेंसी) राजस्थान सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में “एक जिला एक उत्पाद (ODOP) नीति-2024” एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है, जिसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जिले की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर स्थापित करना है। यह नीति स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को सशक्त बनाते हुए रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति देने का माध्यम बन रही है।

इस योजना के तहत हर जिले के एक प्रमुख उत्पाद को चिन्हित किया गया है, जिससे स्थानीय संसाधनों और कौशल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके। साथ ही, छोटे और लघु उद्यमियों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उद्यमियों को मशीनरी, उपकरण, गुणवत्ता प्रमाणन और ब्रांडिंग के लिए सब्सिडी दी जा रही है, जिससे वे अपने उत्पादों को बेहतर गुणवत्ता के साथ बाजार में प्रस्तुत कर सकें।

नीति के अंतर्गत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों की पहुंच व्यापक बाजार तक बन रही है और निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। इसके अलावा, तकनीकी उन्नयन और मार्केटिंग सहायता के माध्यम से उद्यमियों को प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में टिकने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

“एक जिला एक उत्पाद” नीति न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी साकार करने में अहम भूमिका निभा रही है। यह पहल राजस्थान की पारंपरिक कला, संस्कृति और उत्पादों को नई पहचान देते हुए राज्य को विकास के नए आयाम प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *